भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित, देखें पूरी सूची किसको क्या मिली जिम्मेदारी

लखनऊ । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने शुक्रवार की देर रात अपनी बहुप्रतीक्षित नई कार्यकारिणी घोषित कर दी। इस कार्यकारिणी में 15 प्रदेश उपाध्यक्ष, संगठन महामंत्री समेत सात महामंत्री और 16 प्रदेश मंत्री बनाये गए हैं। इसके अलावा अवध क्षेत्र में सुरेश तिवारी और पश्चिम क्षेत्र में अश्विनी त्यागी क्षेत्रीय अध्यक्ष घोषित किये गए हैं। अश्विनी इसके पहले प्रदेश उपाध्यक्ष थे। डॉ. पांडेय ने मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों की भी घोषणा की है। भारतीय जनता युवा मोर्चा का दायित्व सुभाष यादव और महिला मोर्चा का दर्शना सिंह को सौंपा गया है। एक व्यक्ति-एक पद के सिद्धांत पर प्रदेश और केंद्र सरकार में मंत्री बने पदाधिकारियों को हटा दिया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष और महामंत्री का एक-एक पद रिक्त रखा गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी कार्यकारिणी में सामाजिक और भौगोलिक समीकरण पर जोर दिया है। संगठन में पिछड़ों को मौका दिया गया है। खासकर यादव नेताओं को उभारा गया है। कई पदाधिकारियों को प्रोन्नति दी गई है तो कई बाहर से भी समायोजित किये गये हैं। मायावती पर टिप्पणी की वजह से उपाध्यक्ष पद से बर्खास्त किये गये दयाशंकर सिंह का पद बहाल हो गया है तो केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे चुके संजीव बालियान को भी संगठन में जगह मिली है। वाराणसी के क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य की उपाध्यक्ष पद पर प्रोन्नति हुई है। उपाध्यक्ष पद पर पिछली कार्यकारिणी के सापेक्ष दस नये चेहरे लाये गये हैं।

खास बात यह है कि संगठन के फेरबदल में राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के पुत्र और एटा के सांसद राजवीर सिंह को उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। उनके अलावा रामनरेश रावत और बाबू राम निषाद को उपाध्यक्ष पद से हटाया गया है। मंत्री रहे गोविंद नारायण शुक्ल को महामंत्री बनाया गया है। गोविंद को फूलपुर उपचुनाव का दायित्व सौंपा गया है। लखनऊ के उद्यमी सुधीर हलवासिया भी उपाध्यक्ष बनने में कामयाब हो गये हैं। भाजपा ने भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष की कमान यादव बिरादरी को देकर पिछड़ा कार्ड खेलने की कोशिश की है वहीं अन्य कई पिछड़े नेताओं को भी संगठन में तरजीह दी है। संगठन का स्वरूप देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसे मिशन 2019 के लिये बनाया गया है और सभी वर्ग को साधने की पहल की गई है।

उपाध्यक्ष : संजीव बालियान, कांता कर्दम, जसवंत सैनी, जेपीएस राठौर, नवाब सिंह नागर, शिवनाथ यादव, पदमसेन चौधरी, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, अक्षयवर लाल गौड़, दयाशंकर सिंह, लक्ष्मण आचार्य, राकेश त्रिवेदी, बीएल वर्मा, रंजना उपाध्याय और सुधीर हलवासिया।

संगठन महामंत्री : सुनील बंसल। महामंत्री- अशोक कटारिया, विजय बहादुर पाठक, पंकज सिंह, विद्यासागर सोनकर, सलिल विश्वनोई और गोविंद नारायण शुक्ल।

मंत्री : देवेंद्र चौधरी, धर्मवीर प्रजापति, संतोष सिंह, अनूप गुप्ता, कौशलेंद्र पटेल, शंकर गिरी, अमरपाल मौर्य, देवेश कोरी, रामतेज पांडेय, प्रकाश पाल, अंजुला माहौर, कामेश्वर सिंह, संजय राय, त्रयंबक त्रिपाठी, वाईपी सिंह और सुब्रत पाठक।

प्रदेश सह कोषाध्यक्ष : मनीष कपूर।

मोर्चा : दर्शना सिंह- प्रदेश महिला मोर्चा, सुभाष यादव – प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा, राजेश वर्मा – प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा और कौशल किशोर – प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा।

Comments are closed.