महिलाओं में बढ़ा रहीं लग्जरी बाइक्स का क्रेज

कोलकाता । लग्जरी बाइक हार्ले डेविडसन की पुरूषों में दीवानगी तो जुनून की हद तक है, लेकिन महिलाओं में इसकी धाक जमाने के लिए केरन डेविडसन ने कमान संभाल ली है। केरन हार्ले डेविडसन के सह-संस्थापक विलियम डेविडसन की पड़पोती हैं। केरन सोमवार को कोलकाता की सड़कों पर बाइक चलाती नजर आईं। कोलकाता में (बाइकिंग गेयर्स) बाइक से जुड़े पोशाकों का पहला स्टोर खोलने के बाद केरन ने कहा कि उनका मकसद महिलाओं में इसका जुनून बढ़ाने का है,ताकि यह न कहा जाएं कि महिलाएं जोखिम के साथ रोमांच से भर देने वाली चीजों से दूर रहती हैं। अमेरिका की तुलना में महिला बाइकर्स की संख्या भारत में बहुत कम है।

केरन महिलाओं को जागरूक करने के लिए ‘लेडीज ऑफ हार्ले डेविडसन’ अभियान चलाएंगी। हार्ले डेविडसन ने ब्रांडेड कपड़ों के बाजार में भी कदम बढ़ाया है। इसके पीछे केरन डेविडसन का रचनात्मक दिमाग काफी अहमियत रखता है। केरन ने कहा कि उन्होंने महज नौ साल की उम्र से बाइक चलाना शुरू कर दिया था। उन्हें हार्ले डेविडसन की रोड किंग बाइक चलाना बेहद पसंद है। केरन 1985 से ही खानदानी पेशे से जुड़ी हैं।

उन्होंने फैशन डिजाइन ऑफ कॉलेज से फाइन आर्ट्स में पढ़ाई की है। उन्होंने हार्ले डेविडसन के बिक्री विभाग में क्रिएटिव डायरेक्टर का पद संभालते ही बाइक से जुड़ी पोशाकों, एसेसरीज में बड़ा बदलाव किया। आज इसकी बिक्री दस गुना बढ़ चुकी है। आपको बता दें कि भारत में केवल 200 महिलाएं ही हार्ले डेविडसन बाइक चलाती हैं। वहीं देश की सड़कों पर अभी 20 हजार हार्ले डेविडसन बाइक्स हैं।

Comments are closed.