सफर में मुसीबत के दौरान गूगल मैप के ये फीचर्स आ सकते हैं आपके काम

नई दिल्ली । गूगल मैप उन शानदार फीचर्स में से एक है जिसका इस्तेमाल आपने कभी न कभी जरूर किया होगा। गूगल मैप की मदद से आप आसानी से उन जगहों पर घूम सकते हैं जिसके बारे में आपको पता न हो। गूगल मैप पर आप किसी भी जगह की दूरी और समय का अनुमान लगा सकते हैं। गूगल मैप आपको ट्रेन, कार, बस समैत पैदल की दूरी और समय की जानकारी देता है। दुनिया के हर देश में इस्तेमाल किए जाने वाले गूगल मैप की लोकप्रियता भारत में भी हर रोज बढ़ती जा रही है। लेकिन क्या आप यह जानते हैं कि गूगल मैप ने पिछले साल कौन से नए फीचर्स जारी किए? नहीं जानते, कोई बात नहीं, क्योंकि हम आपको इन्हीं नए फीचर्स के बारे में बताने जा रहे हैं। आपको जान कर हैरानी भी होगी कि इनमें से कुछ फीचर्स भारत में पहले लॉन्च हुए।

मोटरसाइकिल मोड

मोटसाइकिल मोड को भारतीय सड़कों को ध्यान में रखते हुए लॉन्च किया गया। गूगल ने इस फीचस दो पहिया वाहनों के लिए डिजाइन किया। मोटरसाइकिल मोड सड़कों के साथ शॉर्टकट्स के बारे में भी बताता है। इसके अलावा ये एप आपको अलग-अलग जगहों के लैंडमार्क की जानकारी भी देता है। मोटसाइकिल मोड को गूगल ने सबसे पहले भारत में लॉन्च किया था। यह फीचर अभी सिर्फ भारत में उपलब्ध है, जिसे दूसरे देशों में शुरू करने की गूगल तैयारी कर रहा है।

गूगल मैप्स की मदद से याद रखें पार्किंग की जगह

इस फीचर की मदद से आईओएस और एंड्रॉयड यूजर पता लगा सकते हैं कि उन्होंने अपनी कार कहां पार्क की थी। एंड्रॉयड यूजर्स मैप पर दिखाई दे रहे ब्लू डॉट को टैप करने के बाद Save Your Parking पर टैप करके अपने वाहन को मैप पर लोकेट कर सकते हैं। इसके बाद एक लेबल आपको दिखाई देगा, जिससे आप अपने कार पार्किंग की लोकेशन को ट्रैक कर सकते हैं। आईओएस यूजर्स मैप पर दिख रहे ब्लू डॉट को टैप करने के बाद Set as parking location पर टैप करके अपने वाहन को मैप पर लोकेट कर सकते हैं। इसके बाद एक लेबल आपको दिखाई देगा, इसपर टैप करके आप कार पार्किंग की और भी जानकारी डाल सकते हैं।

ट्रैवल करने के लिए कौन सा समय है सही 

पिछले साल जुलाई में गूगल ने एक ऐसा फीचर लॉन्च किया जो बताता है कि दिन में कौन सा समय ट्रैवल के लिए सही है। फीचर बताता कि आपको कैसे अपनी पसंद की जगह जाना है, इसके साथ जगह की दूरी और समय के बारे में भी फीचर जानकारी देता है। फीचर की खासियतों में से एक इसका ट्रैवल के दौरान टोल के बारे में जानकारी देना भी है।

एसओएस अलर्ट(SOS Alert)

मुसीबत में फंसे यूजर्स के लिए गूगल का ये फीचर काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। यूजर को एप में दिख रहे एक आइकन को टैप करना है जिसके बाद स्मार्टफोन में कई जानकारियां एक साथ आ जाएंगी। इनमें महत्वपूर्ण नंबर और वेबसाइट की जानकारी यूजर को मिलेगी।

शौचालय के बारे में एप देगा जानकारी

साल 2017 में गूगल अपने यूजर्स के लिए एक खास फीचर लेकर आया। इस फीचर में यूजर शौचालय का पता लगा सकते हैं। फीचर नई दिल्ली के 331 सामुहिक शौचालयों की जानकारी देता है। आपको बस ‘Toilet’ या ‘Public Toilet’ लिखना है, इसके बाद गूगल मैप आपकी लोकेशन के सबसे पास के शौचालय की जानकारी देगा।

Comments are closed.