छत्रपती शिवाजी महाराज जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में मराठी वारसा फेस्टिवल ‘जत्रा’ का आयोजन

  • मराठी स्वाद, संस्कृति और परंपरा से रूबरू करवाएगा यह जत्रा फेस्टिवल। 
  • 15 से 17 फरवरी तक जारी रहेगा मराठी वारसा फेस्टिवल ‘जत्रा’ 
  • शिवाजी महाराज की 30×30 आकार की मनमोहक रंगोली रहेगी मुख्य आकर्षण 

इंदौर, 14 फरवरी 2019: मराठी जायकों और संस्कृति से सजा 3 दिनी मराठी वारसा फेस्टिवल ‘जत्रा’ 15 फरवरी 2019 से शुरू होने जा रहा है। इस 3 दिनी महोत्सव का आयोजन माँ कनकेश्वरी धाम, मदन महल गार्डन के पास आई. टी. आई. रोड इंदौर में होगा। लोक-नृत्यों की प्रस्तुति के बीच लोग ठेठ पारंपरिक स्वादिष्ट मराठी पकवानों और व्यंजनों का लुत्फ ले पाएंगे। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ‘जत्रा’ शिवाजी महाराज को समर्पित रहेगा। महोत्सव में 30×30 साइज़ की एक आकर्षक शिवाजी महाराज के पोर्ट्रेट की रंगोली बनाई गई है। साथ ही शिवाजी महाराज की एक प्रदर्शनी लगाई गई है जिसमें उनके 100 से अधिक किले और जीवनशैली को दर्शाया गया है।

17 फरवरी को कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट राहुल अवारे भी इस जत्रा में शामिल होंगे साथ ही उनका सम्मान भी किया जाएगा। राहुल अवारे भारत के लिए रेसलिंग के मेंस फ्रीस्‍टाईल 57 किग्रा भार वर्ग में गोल्‍ड मेडल जीत चुके है।

मराठी फूड फेस्टिवल ‘जत्रा” के व्यंजनों का सभी शहरवासियों को इंतजार रहता है। इस बार भी फूड जोन में मराठी व्यंजनों के लिए 40 स्टॉल लगाए गए हैं। इसमें कोथम्बिर बड़ी, झुणका भाखर, पूरण पोली, थाली पीठ, मसाला भात, चिरोटे,अनारसे,मिसळ पाव,उकरपेंडी,भरडा वडा,भारीत गाकर जैसे व्यंजनों का लुत्फ लिया जा सकेगा। महोत्सव के पहले दिन, ध्यान योगी महर्षि, श्री उत्तम स्वामी जी महाराज मुख्य अतिथि होंगे। इस जत्रा फेस्टिवल में भारत के विभिन्न प्रान्तों से आए लगभग 500 कलाकार आकर्षक प्रस्तुतिया देंगे।प्रतिदिन ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा महाराष्ट्र के लोक गीत, लावणी, नृत्य-संगीत की प्रस्तुतियां एवं अन्य संस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। 15 फरवरी को 8वी कक्षा तक के बच्चों के लिए प्रातः10 से 12 बजे तक चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है।   

आयोजन समिति के अध्यक्ष स्वाति काशिद ने बताया कि ‘जत्रा-2019’ का औपचारिक शुभारंभ शुक्रवार को शाम 4 बजे होगा। 17 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव में इस बार खासतौर पर मुंबई से आई टीम पराक्रम कलामंच के कलाकारों द्वारा संस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सिविल सर्विसेस,एम.बी.ए, डॉक्ट्रेट, इत्यादि की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए खास तौर पर काउन्सलिंग का भी स्टॉल रखा गया है। शहरवासियों के लिए जत्रा दोपहर 2 से रात10 बजे तक खुला रहेगा।  

जत्रा में हैंडीक्राफ्ट जोन से लेकर कई स्पेशल प्रोडक्ट के स्टॉल भी लगाए गए हैं। हस्तशिल्पियों द्वारा निर्मित भारत के हस्तशिल्प से सजी एग्जीबिशन भी यहां होगी। जहां हैंडलूम के वस्त्र, वुडन क्राफ्ट, शिल्प और आर्टवर्क भी एग्जीबिट होगा। इस जत्रा फेस्टिवल का आयोजन छत्रपती शिवाजी महाराज जयंती महोत्सव समिति द्वारा किया गया है।

Comments are closed.