कोहरे की चादर से ढका हरियाणा, शीतलहर ने किया हाल बुरा

 चंडीगढ़। हरियाणा में शीतलहर आैर कोहरे ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। राज्‍य के अधिकतर हिस्‍से बृहस्पतिवार सुबह कोहरे की चादर से ढ़क गया। सुबह अधिकतर स्‍थानों पर दृश्‍यता शून्‍य के करीब था। काफी दिन चढ़ने के बाद भी घना कोहरा छाया रहा। इससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण ट्रेनें काफी देरी से चल रही हैं।

काेहरे के कारण जीटी रोड पर वाहन रेंग-रेंगकर चले। ट्रेनाें के काफी देरी से चलने के कारण यात्रियों काे भारी परेशानी हो रही है। पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र अौर अंबाला में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के कारण जीटी रोड पर कई जगह वाहनाें की टक्‍कर हो गई और कई लोग घायल हो गए।

कुरुक्षेत्र में बृहस्‍पतिवार सुबह कोहरे के बीच स्‍कूल जाती छात्रा।

कैथल में भी सुबह से घना कोहरा छाया रहा। शहर और बाहरी इलाकों में कोहरे के कारण कुछ दिख नहीं था।  विजिबिलिटी तकरीबन शून्य रही। इसकी वजह से कुछ जगह सड़क हादसों की भी सूचना है। फ्राँसवाला रोड पर धान से भरी ट्रेक्टर ट्राली पलटने से किसान नीचे दब गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालात में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यमुनानगर में छछरौली शेरपुर मोड के नजदीक कोहरे के कारण कार की एक अन्‍य वाहने से टक्कर हो गई। इससे दो लोगों की मौत हो गई। जिले में सुबह से कोहरा छाए रहने से सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। लोगों को इससे काफी दिक्‍कत हुई।

तापमान में और आ सकती गिरावट

केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक 22 दिसंबर को मौसम साफ हो सकता है, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। बुधवार सुबह नमी की मात्रा 100 फीसद थी जो शाम को 67 फीसद रह गई। उधर, हिसार में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और सुबह के समय आर्द्रता 94 फीसद दर्ज की गई।

अंबाला में बृहस्‍पतिवार को काेहरे के बीच गुजरते वाहन।

एचएयू के कृषि मौसम विभाग के अनुसार 24 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा। लेकिन 21 दिसंबर के बाद से धीमी गति से हवाएं चलने से तापमान में गिरावट और सुबह व देर रात के समय कहीं हल्की धुंध व कहीं गहरा कोहरा छाने की संभावना है।

अंबाला-दिल्ली रूट पर पांच ट्रेनें रद

घने कोहरे के कारण अंबाला-दिल्ली रेलमार्ग पर चलने वाली पांच ट्रेनों को बुधवार को रद कर दिया गया। 15 ट्रेनें निर्धारित समय से दो से चार घंटे की देरी से चल रही हैं।

पानीपत में बृहस्‍पतिवार को छाया काेहरा।

Comments are closed.