बुराई के प्रतीक रावण के 70 फुट ऊंचे पुतले की दहन से पूर्व की गई पूजा

रुद्रपुर : असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजय दशमी का पर्व धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। लोगों ने सुबह से ही अपने घरों में पूजा अर्चना की। वहीं कई लोगों ने अपने घरों को साफ सुथरा किया। बुराई के प्रतीक वस्तुओं को घर से बाहर किया। उधर शहर के गांधी पार्क में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रावण के 70 फुट के पुतले को दहन किया जाएगा।

इसके साथ ही 50-50 फुट के मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी जलाए जाएंगे। यह पुतला रामपुर के मुन्नेखां पिछले करीब 45 सालों से बना रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि के चलते जिला और पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर रखी हैं। गांधी मैदान में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों से करीब 100 फुट की दूरी पर ही बैरिकेटिंग लगा दी गई है। वहीं भारी मात्रा में पुलिस बल भी तैनात किया गया।

बता दें कि रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों के दहन के समय पूरा गांधी पार्क अंदर और बाहर तक हजारों की भीड़ से पट जाता है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था भी चौकस रखी जाती है। बस अड्डे के समीप शहर के मुख्य रामलीला में राम लक्ष्मण और रावण सेना के पात्र कलाकार गांधी पार्क में अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं।

इस दौरान हनुमान की सेना और रावण की सेना में भी युद्ध होता है। उधर इंदिरा कालोनी में भी रावण के विशालकाय पुतले जलाए जाएंगे। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले दहन किए जाएंगे।

Comments are closed.