हरियाणा से होगा भाजपा का मिशन-2019 का आगाज

चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा मिशन 2019 का आगाज हरियाणा से करेगी। प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित होने के बाद 2013 में जिस तरह नरेंद्र मोदी ने रेवाड़ी से चुनाव अभियान की शुरुआत की थी, ठीक उसी तरह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हरियाणा से मिशन 2019 का बिगुल फूंकेंगे।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 15 फरवरी को बांगर-जाट बैल्ट जींद में राज्यस्तरीय रैली करने के बाद देश के चुनावी दौरे पर निकलेंगे। भाजपा सरकार और संगठन शाह की जींद रैली की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रभारी डॉ. अनिल जैन, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला सभी मंत्रियों, सांसदों व विधायकों संग मोटरसाइकिल के जरिए रैली स्थल तक पहुंचेंगे। शाह की बाइक रैली कहां से शुरू होगी, यह सुरक्षा एजेंसियां तय करेंगी।

भाजपा ने करीब एक लाख मोटरसाइकिलें जींद रैली में ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इनके जरिए लगभग डेढ़ लाख लोग रैली में पहुंचेंगे। इस दिन शाह न तो सांसदों-विधायकों की बैठक लेंगे और न ही मंत्रियों के साथ सरकार को रिपोर्ट कार्ड पर कोई चर्चा होगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने मीडिया विभाग के चेयरमैन राजीव जैन, महामंत्रियों तथा प्रवक्ताओं के साथ पत्रकारों से बातचीत में विभिन्न कमेटियों के गठन की जानकारी दी।

सुभाष बराला के अनुसार एक से सात फरवरी तक रैली में शामिल होने वाले युवाओं का पंजीकरण होगा। 10 व 11 फरवरी को मोटरसाइकिलों पर जींद आने वाले कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। बराला ने इस बात से इंकार किया कि कैबिनेट में बदलाव संभव है। प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार यह मुख्यमंत्री का अधिकार क्षेत्र है, लेकिन राष्ट्रीय संगठन से ऐसी कोई चर्चा अभी तक नहीं हुई है।

सुभाष बराला ने माना कि जींद रैली भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अभियान की शुरुआत का केंद्र होगी। प्रेस कांफ्रेंस में हरियाणा हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन जवाहर यादव, सीएम के मीडिया सलाहकार अमित आर्य, महामंत्री संजय भाटिया, चौ. वेदपाल एडवोकेट, संदीप जोशी, राजीव जेटली, संजय शर्मा, कृष्ण ढुल, संजय आहुजा, रमन मलिक, चेयरपर्सन सुनीता दुगगल, गार्गी क्ककड़ शामिल हुए।

आजीवन सहयोग निधि जुटाने को गंभीर भाजपा

सुभाष बराला के अनुसार भाजपा 11 फरवरी को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि मनाएगी। इस दिन आजीवन सहयोग निधि में फंड जुटाने का अभियान चलेगा, जो छह अप्रैल तक जारी रहेगा। उन्होंने इस बात से इन्कार किया कि दिल्ली में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल और प्रभारी अनिल जैन की मौजूदगी में हुई बैठक विधायकों के आक्रोश को शांत करने के लिए थी। बराला ने कहा कि यह बैठक केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के निवास पर जरूर हुई थी मगर तब गुर्जर निवास पर नहीं थे। पार्टी के चारों महामंत्री बैठक में मौजूद थे। इस बैठक में आजीवन सहयोग निधि जुटाने पर चर्चा हुई थी।

महामंत्रियों के हवाले रैली की जिम्मेदारियां

भाजपा अध्यक्ष के अनुसार प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया, चौधरी वेदपाल एडवोकेट और संदीप जोशी को जींद रैली में व्यवस्थागत जिम्मेदारियां सौंपी गई हैैं। रैली में मोटर मैकेनिक साथ-साथ चलेंगे, ताकि बाइक खराब होने पर उसे ठीक किया जा सके। पेट्रोल कार्यकर्ता खुद भरवा कर आएंगे। उनका बीमा बैैंक के जरिए होता है। जिन कार्यकर्ताओं का बीमा नहीं है, उन्हें खुद ही बीमा कराना होगा। बराला के अनुसार कार्यकर्ताओं को सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैैं।

Comments are closed.